काशीपुर। एक महिला ने अपने पति समेत एक बैंक के कुछ कर्मियों पर हमसाज होकर उसके खाते से 51 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर महिला के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जिला नैनीताल रामनगर के लक्ष्मी विहार निवासी कोमल कालरा पत्नी सावन मेहरोत्रा ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र सौंपा। बताया उसके पति सावन मेहरोत्रा काशीपुर अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं। इसी बैंक में उसका बचत खाता संचालित होता है जिसमें 51 हजार 785 रुपये जमा थे। आरोप लगाया कि उसके पति सावन मेहरोत्रा निवासी बाबा का बाग टांडा उज्जैन काशीपुर, काशीपुर अर्बन को-आपरेटिव बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक शाखा सिंघन, शाखा सिंघान के अधिकारी मनोज चंद्र पांडे, शाखा सिंघान में लिपिक शिवम चौधरी और क्लर्क देवराज सिंह ने हमसाज होकर बैंक वाउचर पर उसके फर्जी हस्ताक्षर करके 4 फरवरी 2023 को 40 हजार रुपये निकाल लिए। इसी तारीख को शेष 11 हजार 785 रुपये भी निकाल लिए। उसका बैंक खाता अवैधानिक रूप से बंद करा दिया। उसने पांच अक्तूबर 2024 को बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक को शिकायती पत्र सौंपा। रकम वापस दिलाने की मांग की। बैंक के जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
तब 14 अक्तूबर 2024 को कोतवाली पुलिस में धोखाधड़ी के संबंध में प्रार्थनापत्र दिया लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके पति से विवाह विच्छेद की याचिका दायर है। उसका पति उसको मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर महिला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।