काशीपुर। आईटीआई थाना पुलिस ने लगभग पांच हजार किमी पीछा करने के बाद नोएडा से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। किशोरी को उसके चंगुल से मुक्त करा लिया। पुलिस ने आरोपी युवक का पॉक्सो एक्ट में चालान किया है।
क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बीती 23 दिसंबर को आईटीआई थाना में तहरीर सौंपी थी। इसमें बताया उसकी 17 वर्षीय बेटी बीती 22 दिसंबर को घर से नाराज होकर कहीं चली गई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी। एसएसपी के निर्देश पर किशोरी की बरामदगी के लिए टीम का गठन किया गया। टीम ने मोबाइल की सीडीआर के आधार पर जम्मू कश्मीर के जिला कुपवाड़ा में दबिश दी। वहां जांच के दौरान पता चला कि किशोरी गांव गुलगाम थाना कुपवाड़ा निवासी मीर फैजान नजीर के साथ वहां आई थी। वहां मीर फैजान नजीर के पिता नजीर अहमद मीर से पता चला कि मीर फैजान नौकरी के सिलसिले में चंड़ीगढ़ गया है।
तब पुलिस टीम चंडीगढ़ उसकी तलाश में गई। खोजबीन के दौरान संदिग्ध के दोस्तों ने बताया कि मीर फैजान तथा गुमशुदा लड़की दोनों 26 दिसंबर को दिल्ली चले गए थे। यहां से वह 29 दिसंबर को देवास, उज्जैन और हैदराबाद जाने की बात कहकर हैदराबाद निकल गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश, हैदराबाद में खोजबीन की। इस दौरान टीम को पता चला वह लोग दिल्ली चले गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने लोकेशन ट्रेस की तो उनकी लोकेशन नोएडा में मिली।
थाना प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया पुलिस टीम लगभग 12 दिन में पांच हजार किमी तय करके नोएडा पहुंची। मुखबिर और सर्विलांस/टेक्निकल टीम की मदद से 3 जनवरी 2025 को एफएनजी चौक के पास, छाजरसी क्षेत्र नोएडा से अभियुक्त मीर फैजान नजीर को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। उन्होंने बताया अभियुक्त लगातार अपनी लोकेशन और मोबाइल नंबर बदलता रहा। पुलिस ने आरोपी का पॉक्सो एक्ट में चालान कर उसे न्यायालय में पेश किया।