सीओ ने थाना पुलिस को दिए जांच के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नानकमत्ता। नानकसागर जलाशय किनारे झाड़ियों में संरक्षित पशुओं के सिर और अन्य अंग मिले हैं। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ के निर्देश पर पुलिस टीम ने कटे अंगों को कब्जे में लेकर पशु चिकित्साधिकारी को बुलाया। नमूने लेने के बाद बरामद अंगों को जमीन में दबाकर नष्ट कर दिया। सीओ ने थाना पुलिस को को जांच के आदेश दिए हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े 10 बजे भड़ाभुड़िया गांव के पीछे नानकसागर जलाशय के तटबंध से सटे छठ घाट के पास झाड़ियों में संरक्षित पशु के कटे अंग देखे गए। ग्राम प्रधान मनोज ने बजरंग दल के जिला संयोजक हिमांशु कन्याल को सूचना दी। उनकी सूचना पर थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव, प्रतापपुर चौकी इंचार्ज विजेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।
खटीमा के सीओ वीर सिंह और एसडीएम रविंद्र बिष्ट भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी के माध्यम से कटे अंगों को इकट्ठा कराया। इसके बाद पशु चिकित्साधिकारी डॉ. लक्षिता आजाद को मौके पर बुलाकर अंगों का परीक्षण कराया। पशु चिकित्साधिकारी ने अंगों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए।
सीओ वीर सिंह ने बताया कि अंगों में चार सिर मिले हैं। इसके अलावा कई पुराने अंग भी बरामद हुए हैं। आशंका है कि यहां पूर्व में गौकशी की जा चुकी है। थानाध्यक्ष गौरव का कहना है कि घटनास्थल की तरफ आने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और मोबाइलों के लोकेशन भी ट्रेस की जा रही है। वहां पर भाजपा जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरीश राणा, बजरंग दल के मनोज कश्यप, संतोष वर्नवाल, बलराम सिंह, शेखर राणा, शंकर राणा, रघु बोरा आदि थे।