खटीमा के सत्रहमील पुलिस चौकी परिसर में खड़ी अवैध खनन में पकड़ी जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली।
- फोटो : KHATIMA
यूपी सीमा से सटे क्षेत्र में नदी-नालों से अवैध खनन में लिप्त माफिया बेलगाम हो गए हैं। कोतवाली पुलिस की टीम के साथ सत्रहमील चौकी पुलिस ने सोमवार रात छापा मारा जिससे खनन माफिया में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया।
कोतवाल संजय पाठक के निर्देश पर सत्रहमील चौकी प्रभारी देवेंद्र राजपूत ने टीम के साथ ग्रामसभा मोहम्मदपुर भुड़िया, मेहरबान नगर, दहा देवहा, ढाकी, लुइया नदी, सरपुड़ा, शारदा नहर, देवहा नदी में अवैध खनन के खिलाफ छापा मारा।
इस बीच मोहम्मदपुर भुड़िया, देवहा नदी मेें जेसीबी से अवैध खनन कर रेत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। जबकि माफिया वाहन छोड़कर फरार हो गए। चौकी प्रभारी ने दोनों वाहनों को सीज कर रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय भेजी। टीम में हरेंद्र थापा, नवीन जोशी, यशपाल आर्य शामिल रहे।