फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महल हत्याकांड : स्थानीय स्तर पर हत्या का षड्यंत्र रचने वाला आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
काशीपुर। स्टोन क्रशर स्वामी महल सिंह हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। स्टोन क्रशर में हिस्सेदारी को लेकर चल रहे विवाद के चलते कनाडा में रह रहे एनआरआई ट्रांसपोर्टर ने इस हत्याकांड की साजिश रची थी। स्थानीय स्तर पर षड्यंत्र रचने वाले शूटरों को पनाह देकर रेकी करवाने वाले स्टोन क्रशर के मुंशी सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 30 बोर का एक पिस्टल, दो खोखे और आठ कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अब फरार दोनों शूटरों की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन

स्टोन क्रशर स्वामी महल सिंह की 13 अक्तूबर को घर में अखबार पढ़ते समय दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उनके भतीजे कर्मपाल सिंह ने कनाडा में रह रहे एनआरआई हरजीत सिंह उर्फ काले पर शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्याकांड का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया था।
मंगलवार को डीआईजी (कुमाऊं) डॉ. नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी ऊधमसिंह नगर डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी काशीपुर चंद्र मोहन सिंह, एसपी क्राइम अभय सिंह, सीओ वंदना वर्मा ने संयुक्त रूप से कोतवाली में घटना का खुलासा किया। डीआईजी ने बताया कि महल सिंह का हरजीत सिंह से स्टोन क्रशर में हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। हरजीत को लगता था कि उसे स्टोन क्रशर में पर्याप्त हिस्सेदारी नहीं मिल रही है। इसी दुश्मनी को लेकर उसने किराये के शूटरों के जरिये इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
विज्ञापन

घटना की साजिश स्थानीय स्तर पर गुलजारपुर गांव निवासी प्रभजोत सिंह पन्नू उर्फ प्रभजीत सिंह ने रची। कनाडा में रह रहे हरजीत सिंह का काशीपुर का सारा काम प्रभजोत ही देखता है। प्रभजोत हरजीत के साथ मिलकर स्टोन क्रशर लगाना चाहता है। स्टोन क्रशर का मालिक बनने के लालच ने उसे हत्यारोपी बना दिया। हरजीत के भेजे हुए कातिलों को प्रभजोत ने ही गाड़ी उपलब्ध कराई थी और रेकी कराने में भी मदद की।
प्रभजोत ने पुलिस पर किए थे दो फायर : डीआईजी
डीआईजी ने कहा कि मंगलवार तड़के जब पुलिस ने आरोपी प्रभजोत को गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर दो फायर किए। बाद में किसी तरह पुलिस ने उसे बंजारी गेट के पास जंगल से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी हरजीत सिंह कनाडा में रहकर ट्रांसपोर्ट का काम करता है। इस घटना में उसी तरह का गिरोह शामिल है जिस तरह के गिरोहों ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने घटना को लेकर पर्याप्त सबूत जुटा लिए हैं। आरोपियों की कॉल डिटेल भी निकाल ली गई है। उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाएगी। उनकी संपत्ति जब्त करने के साथ ही घर पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा।
खुलासा करने वाली टीम को 50,000 का इनाम
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार प्रभजोत से पूछताछ के बाद हत्याकांड के षड्यंत्र में शामिल गुलजारपुर निवासी रजविंदर कौर और सुखदेव सिंह उर्फ सेवी को गांव के पास ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। घटना का खुलासा करने वाली टीम को डीआईजी ने 50,000 का इनाम देने की घोषणा की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें