रुद्रपुर/काशीपुर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ ऊधमसिंह नगर की ओर से चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन एमेनिटी स्पोर्ट्स मैदान में हरिद्वार ए और अल्मोड़ा के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के बीच मैच टाई हो गया। काशीपुर के हाईलैंडर क्रिकेट एकेडमी के मैदान में हुए मुकाबले में देहरादून ए ने नैनीताल बी को 107 रन से हराया।
बुधवार को एमेनिटी स्पोर्ट्स मैदान में हरिद्वार की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 285 रन बनाए। इसमें शोभित तोमर ने सबसे अधिक 75 रन का योगदान दिया। अल्मोड़ा के कमलेश जोशी ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अल्मोड़ा की टीम ने 50 ओवर में 285 रन पर ऑल आउट हो गई। अल्मोड़ा की तरफ से विजय ने 81 रन बनाए। अल्मोड़ा को अंतिम ओवर में जीतने के लिए 10 रनों की आवश्यकता थी, जबकि दो विकेट शेष बचे हुए थे लेकिन अल्मोड़ा की टीम सभी विकेट खोकर नौ रन ही बना बना पाई। इससे मैच टाई हो गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया।
काशीपुर के हाईलैंडर क्रिकेट एकेडमी के मैदान में देहरादून ए और नैनीताल बी के बीच मुकाबला हुआ। देहरादून ए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों के खेल में सभी विकेट खोकर 307 रन बनाए। जिसमें आयुष नेगी ने शानदार 100 रन की शानदार पारी खेली। नैनीताल बी के आयुष लोनी ने 5, सूरज ने 3 और रवि सिंह ने 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नैनीताल बी की पूरी टीम 50 ओवर में 200 रनों पर ऑल आउट हो गई। नैनीताल बी की ओर से विशाल कोहली ने 40, दिव्यम रावत ने 38 और प्रभाकर ने 35 रनों का योगदान दिया। देहरादून ए की ओर से गेंदबाजी करते हुए भानु प्रताप, मनीष कुमार, वंशज चौहान और हरजीत सिंह ने 2-2 विकेट झटके।