केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) दिल्ली, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड काशीपुर के अधिकारियों की टीम ने पंतनगर इंडस्ट्रियल स्टेट व सितारगंज इंडस्ट्रीयल स्टेट के सीईटीपी (कॉमन इनफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) का निरीक्षण किया और पानी के नमूने लिए।
मंगलवार को केंद्र सरकार के सचिव एवं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य एवी अकोलकर, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य एपी शुबुद्धी, नमामी गंगे के निदेशक प्रशांत राज, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय प्रबंधक एसपी सिंह, जल निगम के ईई डीके बंसल ने औद्योगिक क्षेत्र पंतनगर स्थित सीईटीपी का गहनता से निरीक्षण किया। प्लांट से निकलने वाले पानी का निरीक्षण कर नमूना लिया। टीम ने इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र सितारगंज स्थित सीईटीपी का निरीक्षण किया। शोधित हो चुके पानी का नमूना लिया। उल्लेखनीय है कि इन दोनों संयंत्रों से औद्योगिक क्षेत्र के कल कारखानों का गंदा पानी साफ होता है। इधर, एक टीम ने काशीपुर में रुद्रपुर मार्ग पर स्थित एक अल्कोहल फैक्ट्री की डिस्टिलरी का निरीक्षण किया प्लांट से बाहर निकलने वाले पानी का भौतिक निरीक्षण कर जांच के लिए नमूना लिया। टीम में एसडीएम विनीत तोमर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी राकेश कंडारी आदि थे।