रुद्रपुर। भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता पूर्व सभासद राजेश गंगवार 29 दिनों तक पुलिस को छकाने के बाद आखिर पकड़ा गया है। रामनगर की पीरूमदारा चौकी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर ऊधमसिंह नगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद साजिशकर्ता को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस अब मामले में फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बीते 12 अक्तूबर को पार्षद प्रकाश धामी को शूटरों ने घर के बाहर बुलाकर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शूटर सफेद रंग की आई-20 कार में सवार होकर फरार हो गए थे। हत्याकांड की पूरी वारदात पार्षद के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। बीते 30 अक्तूबर को पुलिस ने एक शूटर राजकुमार उर्फ बिट्टू उर्फ अभिषेक निवासी ग्राम बसेरा थाना पिसावा अलीगढ़ को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था।
मुख्य साजिशकर्ता पूर्व सभासद राजेश गंगवार, अन्नू गंगवार निवासी भदईपुरा और दिनेश शर्मा निवासी सिसैया (सितारगंज) समेत तीन शूटर गिरफ्त से बाहर थे। सभी साजिशकर्ताओं और शूटरों को पकड़ने के लिए पुलिस की सात टीमें यूपी और उत्तराखंड में लगातार दबिशें दे रही हैं। एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने बताया कि हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता राजेश गंगवार रामनगर स्थित पीरूमदारा में छिपा था।
शनिवार की रात उसे पीरूमदारा पुलिस चौकी इंचार्ज कवींद्र शर्मा ने गिरफ्तार कर लिया। वहां की पुलिस ने इसकी सूचना ऊधमसिंह नगर पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि टीम को पीरूमदारा भेजकर राजेश गंगवार को रुद्रपुर लाया गया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पीरूमदारा पुलिस ने इस तरह पकड़ा शातिर गंगवार को
रुद्रपुर। पीरूमदारा पुलिस चौकी इंचार्ज कवींद्र शर्मा ने बताया कि वह शनिवार को एसआई गगनदीप सिंह और अन्य टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मझरा चौराहे पर सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास मास्क लगाकर खड़े राजेश गंगवार को एक थैरेपिस्ट डॉक्टर से बातचीत करते हुए देखा।
उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में बाजार चौकी इंचार्ज और एसओजी प्रभारी रहने के दौरान वह राजेश गंगवार को अच्छे से जानते थे। उन्होंने पार्षद हत्याकांड में फरार राजेश गंगवार को पकड़कर रामनगर कोतवाली भेज दिया। इसके बाद ऊधमसिंह नगर पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी कवींद्र ने बताया कि राजेश गंगवार जिस डॉक्टर से बात कर रहा था, वह भी रुद्रपुर के भदईपुरा का रहना वाला है।
एनबीडब्ल्यू चस्पा होते ही आया गिरफ्त में
रुद्रपुर। राजेश गंगवार के घर पुलिस ने बीते शनिवार सुबह 11 बजे कोर्ट से जारी एनबीडब्ल्यू का नोटिस चस्पा किया था। नोटिस चस्पा होने के आठ घंटे बाद ही गंगवार पीरूमदारा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसएसपी डीएस कुंवर ने पीरूमदारा पुलिस को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
अब घर की कुर्की की तैयारी
रुद्रपुर। एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने बताया कि फरार साजिशकर्ता अन्नू गंगवार के खिलाफ कोर्ट मेें कुर्की के लिए आवेदन किया गया है। इसके बाद अन्नू गंगवार के घर की कुर्की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गिरफ्त में आए राजेश ने राजनैतिक वर्चस्व में पार्षद धामी की हत्या कराने की बात स्वीकार की है।
शूटरों के साथ रेकी करने आया था राजेश
रुद्रपुर। पार्षद प्रकाश धामी की हत्या के लिए चार लाख में पहुंचे शूटरों को एक दिन पहले राजेश गंगवार और अन्नू गंगवार ने अपने घर में शरण दी थी। 11 अक्तूबर को राजेश शूटरों के साथ कार में धामी घर के रेकी करने पहुंचा था। एसएसपी डीएस कुंवर को कहना है कि फरार अन्नू, दिनेश और अन्य तीन शूटरों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।