सितारगंज। कोरोना से बचाव के लिए क्षेत्र में भी टीकाकरण की शुरुआत हो गई है। बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण की शुरूआत की गई। सबसे पहले चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश आर्या ने टीका लगवाया।
उनके टीका लगवाने के बाद डॉ. अभिलाषा पांडेय, स्टाफ नर्स अंजू महिंद्रा, रूपिंदर कौर, बीएलए सुभाष चंद्र, सहायक कनिष्ठ पंकज अधिकारी व एएनएम ऐटा देवी, कमला अधिकारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत 71 से अधिक लोगों को टीका लगाया गया।
टीकाकरण के बाद कर्मचारियों ने बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और 28 दिनों के बाद दूसरे चरण का टीका लगवाएंगे। इससे पूर्व टीकाकरण का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सलूजा और ब्लॉक प्रमुख पति पलविंदर सिंह औलख ने फीता काटकर किया।
कोविड-19 का टीका पूर्णतया: सुरक्षित है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। मैने टीकाकरण के बाद आधा घंटा प्रतीक्षा की, उसके बाद दफ्तर में बैठकर कार्य किया। टीकाकरण से सभी लोग जुड़ें। - डॉ. राजेश आर्या, चिकित्साधीक्षक।
जनता अपने मन से भ्रम हटा दे। कोरोना वैक्सीन से किसी भी तरह का खतरा नहीं है। हमने टीका लगवाने के बाद अस्पताल की ओटी और इमरजेंसी में कार्य किया। - डॉ. अभिलाषा पांडेय, महिला चिकित्साधिकारी।
टीका लगने के बाद बेहतर महसूस कर रहे हैं। टीकाकरण में किसी भी तरह की परेशानी नहीं हुई और न ही स्वास्थ्य में किसी तरह की गिरावट आई है। सभी को टीका लगवाना चाहिए। - कृष्णा रानी, आंगनबाड़ी, बिचुवा और बासमती राव, आंगनबाड़ी, नकहा।
टीका लगवाने के बाद खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। टीका लगवाने के बाद किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई। टीकाकरण लगवाने के बाद उत्साहित हैं। - प्रभा राणा, आंगनबाड़ी, बघौरी और किरन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विडौरा मझोला।
किच्छा में सौ स्वास्थ्य कर्मियों को लगा कोरोना का टीका
किच्छा। सरदार बल्लभ भाई पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बृहस्पतिवार को सौ स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना का टीका लगाया गया। पहला टीका चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचसी त्रिपाठी को लगाया गया।
उसके बाद डॉ. आरसी गर्ग, डॉ. जीबी पंगरिया, डॉ. सीएस टोलिया, डॉ. अश्विनी चौबे, डॉ. आरके दूबे, डॉ. एलएस मेहता और महिला चिकित्सक डॉ. कनक बनौधा के अलावा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया।
इस दौरान सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल दिनभर टीकाकरण केंद्र में मौजूद रहे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को भी टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीका लगवाने के बाद सभी कर्मचारी सामान्य हैं। (संवाद)
कोरोना : जिले में 549 स्वास्थ्य कर्मियों ने लगवाया टीका
रुद्रपुर। जिले में बृहस्पतिवार को एक दिन में सर्वाधिक 549 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना का टीका लगाया गया। किच्छा सीएचसी में सर्वाधिक सौ स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगाया गया। जिले में करीब 66 प्रतिशत टीकाकरण हुआ।
कोरोना टीकाकरण अभियान की गति तेज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सात केंद्रों रुद्रपुर, काशीपुर, खटीमा, गदरपुर, किच्छा, सितारगंज और जसपुर में 827 स्वास्थ्य कर्मियों का पंजीकरण करवाया था, लेकिन 549 कर्मचारी ही टीका लगवाने के लिए पहुंच सके। किच्छा में पंजीकृत 169 कर्मचारियों में से सौ लोगों ने टीका लगवाया।
रुद्रपुर में 80, काशीपुर में 89, खटीमा में 70, गदरपुर 89, सितारगंज में 71 और जसपुर में 50 टीके लगे। सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने बताया कि अधिक से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों से टीकाकरण की अपील की जा रही है। (ब्यूरो)
जसपुर में कोरोना का टीका लगवाते पूर्व विघायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल।- फोटो : KASHIPUR
कोरोना का टीका लगवाने के बाद वार्ड में बैठकर प्रतीक्षा करते स्वास्थ्य कर्मी।- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण कराती महिल चिकित्साधिकारी डॉ. अभिलाषा पांडेय।- फोटो : SITARGANJ