रुद्रपुर। आयकर विभाग के नोटिस का जवाब नहीं देने पर पंतनगर दैनिक वेतन भोगी सहकारी ऋण समिति का खाता फ्रीज कर दिया गया है। वहीं समिति के अध्यक्ष के सेवानिवृत्ति होने व सहकारिता विभाग की ओर से समिति में प्रशासक नियुक्त नहीं करने पर मंगलवार को सदस्यों ने एआर कोऑपरेटिव से कार्यवाही करने की मांग की है।
विकास भवन स्थित सहकारिता विभाग कार्यालय पहुंचे पंतनगर दैनिक वेतन भोगी सहकारी ऋण समिति के सदस्यों ने बताया कि बीते 31 दिसंबर को समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके स्थान पर कोई नया अध्यक्ष नहीं बना है, इसके साथ ही विभाग की ओर से कोई प्रशासक भी नियुक्त नहीं किया गया। इसके चलते आयकर विभाग के नोटिस का जवाब नहीं देने पर समिति का खाता फ्रीज हो गया है। सदस्य राजेश सिंह ने बताया कि समिति में कई लोगों ने विवाह, बीमारी या कॉलेज में पढ़ाई करने के लिए लोन लिया था। लेकिन खाता फ्रीज होने के चलते सदस्यों को लोन भी नहीं मिल सका।
इधर, बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहे संजीव निषाद ने बताया कि पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये का लोन लिया था, कॉलेज में कई माह से 48 हजार रुपये फीस भी नहीं भर पाया है। वहां विनय सिंह, सुरेंद्र चौहान, महेंद्र निषाद, राकेश, गोयल सिंह आदि थे। जिला सहायक निबंधक डॉ. बीएस मनराल ने बताया कि समिति के संचालक मंडल ने इस्तीफा दे दिया था, फिर इसकी जांच कराई गई। अब जल्द ही समिति में प्रशासक नियुक्त किया जाएगा। संवाद