रुद्रपुर। ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर मदरसों पर की गई कार्रवाई और ईदगाह से जुड़ी जमीन का मुद्दा उठाए जाने का वीडियो वायरल होने पर शहर में विवाद खड़ा हो गया। जुलूस के दौरान का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक उलमा मदरसों को लेकर सरकार को चेतावनी देते हुए सुनाई दे रहे हैं। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो में एक उलमा यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि मदरसों के बारे में फैसला आप मत करो। याद रखना, अगर मदरसे बंद कर दिए तो फिर देखना आप, हम क्या हाल करेंगे। यह किसी की सुनने वाले नहीं हैं। यह तो अपने उलमा की इज्जत करते हैं, जो सुन लेते हैं। वीडियो में दूसरे व्यक्ति की ओर से हमारी ईदगाह को हमें वापस करने की बात भी सुनाई दे रही है। वीडियो में सुनाई दे रहे कथित बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जुलूस के दौरान वायरल हुए वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो रुद्रपुर का बताया जा रहा है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
मेयर ने कहा- सरकारी जमीन का एक इंच भी दबाव में नहीं छोड़ेंगे
कथित बयानबाजी पर मेयर विकास शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आठ एकड़ तो दूर, सरकारी भूमि का एक इंच हिस्सा भी किसी के दबाव में नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने जुलूस के दौरान इस्तेमाल की गई कथित भाषा को आपत्तिजनक और निंदनीय बताया। विधायक शिव अरोरा ने भी कथित बयानबाजी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान ऐसी भाषा से बचना चाहिए, जिससे शहर का माहौल प्रभावित हो। उन्होंने मामले में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
जुलूस कमेटी के प्रबंधक डॉ. शहीद रजा ने वीडियो को एआई जनरेटेड बताया
रुद्रपुर। जुलूस-ए-मोहम्मद के दौरान दिए गए बयान का वीडियो वायरल होने के बाद जुलूस कमेटी के प्रबंधक डॉ. शहीद रजा ने बयान जारी करते हुए कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मद अमन और भाईचारे का पैगाम है। इस कार्यक्रम में इस तरह की कोई बात नहीं हुई जिसमें सरकार को निशाना बनाया गया हो। उन्होंने दावा किया है कि वीडियो एआई से एडिट किया गया है। हालांकि पुलिस जांच के बाद ये साफ हो जाएगा वीडियो एआई एडिट है या नहीं।