बाजपुर में बेरिया दौलत रोड पर बना रहा लेवड़ा नदी का पुल
बाजपुर। बेरिया दौलत रोड पर लेवड़ा नदी पर बन रहे पुल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। पुल तैयार होने के बाद बाजपुर से गूलरभोज और गदरपुर जाने वाले लोगों के साथ पर्यटकों को भी राहत मिलेगी। वहीं, बेरिया दौलत, शिवपुरी, भजुआनगला और चंदनपुरा समेत करीब 20 गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
बाजपुर क्षेत्र को बाढ़ से बचाव और बेहतर आवागमन की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से बेरिया दौलत रोड और चकरपुर में लेवड़ा नदी पर पुल निर्माण की मंजूरी दी गई थी। इसके लिए सरकार ने दो करोड़ 82 लाख 97 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। करीब आठ माह से पुल का निर्माण चल रहा है।
कोट
लेवड़ा नदी पुल की एप्रोच पर चिनाई और मिट्टी भरान का काम चल रहा है। अक्तूबर में पुल पर हॉट मिक्स सड़क बना दी जाएगी। विभाग को 30 अक्तूबर तक निर्माण कार्य पूरा करना है। तय समय सीमा तक काम पूरा होने की उम्मीद है। -सतनाम सिंह, एई, लोनिवि