काशीपुर। करीब छह साल से निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) भले ही आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है, लेकिन यह नशेड़ियों के लिए महफूज अड्डा बन गया है। दिन छिपते ही लोग नशा करने अधूरे पड़े हिस्से पर पहुंच जाते हैं और शराब पीकर वहीं बोतल फोड़ जा रहे हैं।
बार-बार रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से जनता को निजात दिलाने के लिए करीब छह साल पहले बाजपुर रोड पर आरओबी का निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। तब से यह निर्माण कार्य अधूरा है। हालांकि रामनगर रोड से स्टेशन रोड वाले आरओबी के एक हिस्से को लगभग एक साल पहले वाहनों की आवाजाही के खोल दिया गया था लेकिन निर्माण की धीमी रफ्तार के कारण बाजपुर रोड का आरओबी पूरा नहीं हो सका है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि शाम ढलते ही नशेड़ी यहां आकर नशा करने लगे हैं। इसका सबूत यहां फूटी पड़ी कांच की बोतलें दे रहीं हैं। यहां पुल के ऊपर कई जगह कांच के टुकड़े बिखरे हैं। ऐसी स्थिति में नशेड़ियों के पुल से गिरने का भी खतरा है।
ऐसी जानकारी नहीं है। यदि अधूरे पड़े पुल पर लोग शराब पीने जा रहे हैं तो आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली पुलिस टीम से गश्त कराने के लिए कहा गया है। वहां गार्ड और बैरिकेडिंग लगाने के लिए संबंधित निर्माण कंपनी से कहा गया ताकि कोई अधूरे निर्माण पर न चढ़ सके। - अभय सिंह, एसपी, काशीपुर।