रुद्रपुर। परिसंपत्तियों हस्तांतरण के लिए शुक्रवार को यहां उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अफसरों की बैठक हुई। दोनों राज्यों के विभागीय अधिकारियों ने अपना अपना पक्ष रखते हुए परिसंपत्तियों के हस्तांतरण पर सहमति जताई। सिंचाई विभाग की परिसंपत्तियों के हस्तांतरण के मामले में 2 फरवरी 2015 को दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों की बैठक में निर्णय लिया गया था कि उत्तराखंड राज्य की भौगोलिक सीमा में स्थित उत्तर प्रदेश सिंचाई के नियंत्रणाधीन लगभग 25 प्रतिशत नहरें, भूमि और भवन उत्तराखंड सिंचाई विभाग को हस्तांतरित किए जाएंगे।
इसके साथ ही ऐसी नहरें, भूमि और भवन जो उत्तर प्रदेश की भौगोलिक सीमा में हैं, लेकिन उन पर नियंत्रण उत्तराखंड सिंचाई विभाग का है, उन्हें उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। निर्णय के आधार पर इन नहरों को अतिशीघ्र हस्तांतरण के संबंध में दोनों राज्यों के अफसरों ने अपनी सहमति जता दी। इससे अब उम्मीद लगाई जा रही है कि हस्तांतरण संबंधी अन्य प्रक्रियाएं भी जल्द पूरी हो जाएंगी।
बैठक में ऊधमसिंह नगर के अधीक्षण अभियंता दीप चंद्र पांडे, संजय राज, शैलेंद्र कुमार बसलियाल, अवधेश राम, यूपी के अधीक्षण अभियंता एके सैंगर, हरीश चंद्र यादव, उमेश कुमार, राम बहादुर यादव, दीपक यादव आदि थे।