काशीपुर। प्रदेश में परिवर्तन की बयार है और जनता 2027 में परिवर्तन चाहती है। प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने काशीपुर में प्रेस वार्ता के दौरान कही।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 परिवर्तन का वर्ष है। हमारी कोशिश रहेगी कि लोगों की परिवर्तन की भावना को और तेज करें। परिवर्तन की बयार से ही प्रदेश में कांग्रेस की अगली सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को देहरादून में राजभवन पर प्रदर्शन किया जाएगा, इसकी रणनीति बनाई जा रही है। सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। सभी मुद्दों को लेकर हम राजभवन कूच कर रहे हैं।
अंकिता हत्याकांड के बारे में उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस खामोश नहीं रहेगी। इस हत्याकांड में जिन वीआईपी के नाम आए हैं उन पर भी एफआईआर होनी चाहिए। केवल सीबीआई की जांच उत्तराखंड के लोगों को मंजूर नहीं है। इस मामले में शिकायत अंकिता के मां-बाप की तरफ से होनी चाहिए।