पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि राज्य की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। सरकार सभी क्षेत्रों में असफल है और कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारी ऊर्जावान हैं। वे जनभावनाओं को समझकर जनादेश कांग्रेस के पक्ष में कराने में सफल होंगे।
बृहस्पतिवार को शहर में पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी भूमिका जहां भी केंद्र व प्रदेश कांग्रेस संगठन चाहेगा उसके लिए वे तैयार रहेंगे। पहले वे ढोल बजाते थे और अब वह ढोल हैं। उन्होंने राष्ट्रीय संगठन का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने मंथन के बाद प्रदेश में नई टीम गठित की है। प्रदेश में जनता में वर्तमान सरकार के खिलाफ आक्रोश है। समाज का हर वर्ग परेशान है। अब परिवर्तन की लहर है। 16 नवम्बर को कार्यकर्ता नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में देहरादून में पहुंचेंगे। विधायक तिलकराज बेहड़ कांग्रेस के स्तम्भ हैं और उनके सवालों का समाधान होगा।
कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एकजुट हैं। राज्यवासियों का उत्पीड़न या अत्याचार गलत है। बंगाली समाज के उत्पीड़न की शिकायतों को कांग्रेस संगठन गम्भीरता से लेगा। उन्होंने वरिष्ठ नेता रामनगीना प्रसाद की पत्नी, अख्त्यार अहमद पटौदी के पुत्र, मुगनी अहमद के पिता के निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर दुख जताया। वहां पर नगर अध्यक्ष सरताज अहमद, मण्डी समिति के पूर्व चेयरमैन हरपाल सिंह, केडी पलड़िया, बलवंत बोरा, अधिवक्ता बीसी काण्डपाल, एडवोकेट दयानंद सिंह, बिपिन खोलिया, रंजीत सिंह मौजूद रहे।