कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रभारी देवेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद कोरोना संक्रमितों को पल्स ऑक्सीमीटर मुहैया कराने का अभियान शुरू किया है। पहले दिन 30 जरूरतमंदों को ऑक्सीमीटर दिए गए। सोमवार को कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, सीपी शर्मा, सुशील गाबा और राजीव कामरा ने जिला कार्यालय में इसकी शुरूआत की।
हिमांशु ने बताया कि कोई भी गरीब और असहाय कोरोना से पीड़ित व्यक्ति या उसके परिजन मरीज की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट दिखाकर मुफ्त में ऑक्सीमीटर प्राप्त कर सकते है। कांग्रेस कोरोना महामारी में हर पीड़ित व्यक्ति के साथ खड़ी है। पार्टी की ओर से निशुल्क एंबुलेंस पहले से निरंतर सेवाएं दे रही है। इससे अब तक करीब 50 गरीब मरीजों को लाभ पहुंचाया जा चुका है और आगे भी यह सेवा निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि चार हेल्पलाइन नंबर हिमांशु गाबा 98376-00000, सीपी शर्मा 99277-77133, सुशील गाबा 95682-20000 और राजीव कामरा 98371-19833 पर संपर्क कर जरूरतमंद ऑक्सीमीटर प्राप्त कर सकते हैं। (संवाद)
530 रुपये में ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराऐगा व्यापार मंडल
जसपुर। कोरोना काल में कोविड मरीजों को मदद पहुंचाने और ऑक्सीमीटर की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए उद्योग व्यापार मंडल और समदर्शी संस्था के सदस्य लोगों को सस्ते दामों पर ऑक्सीमीटर उपलब्ध करा रहे हैं। व्यापारी अर्पित रस्तोगी ने बताया कि उद्योग व्यापार मंडल 500 रुपये में ऑक्सीमीटर उपलब्ध करा रहा है। वहीं, समदर्शी संस्था के महासचिव डॉ. सुदेश ने बताया कि उनकी संस्था आम लोगों को 530 रुपये में और कोरोना संक्रमित को 350 रुपये में ऑक्सीमीटर उपलब्ध करा रही है। (संवाद)