रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के चलते कांग्रेस की नगर एवं ब्लाक इकाइयों को भंग करने का निर्णय पार्टी हाईकमान को 24 घंटे के भीतर ही बदलना पड़ा है। इसकी वजह निर्णय को लेकर उठ रहे विरोध के स्वर हैं। पार्टी जिलाध्यक्ष ने हाईकमान के निर्देश पर सभी इकाइयां यथावत रहने और निकाय चुनाव के बाद इकाइयों का पुनर्गठन करने की बात कही है।
लोकसभा चुनाव में जिले की नौ विधानसभाओं में से सिर्फ जसपुर में पार्टी को बढ़त मिली थी। पार्टी के कई बड़े नेता विधानसभा तो दूर अपना बूथ तक नहीं जितवा सके। इसके बाद हाईकमान के निर्देश पर जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने रुद्रपुर और काशीपुर को छोड़कर सभी नगर और ब्लाक इकाइयों को भंग कर दिया था। इकाइयां भंग करने के फैसले का विरोध होना शुरू हो गया था। बताया जा रहा है कि जिले के कई दिग्गजों ने प्रदेश अध्यक्ष से इस पर नाराजगी जताई थी। केवल ऊधमसिंहनगर में ही इकाइयों पर फैसले लेने पर आपत्ति भी की थी। मामला बढ़ा तो हाईकमान को निर्णय वापस लेना पड़ा।
जिलाध्यक्ष गावा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा एवं प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी ने निकट भविष्य में होने वाले निकाय चुनाव को देखते हुए फिलहाल सभी इकाइयों को यथावत रखने का निर्णय लिया है। इसके चलते नगर व ब्लाक इकाइयों को भंग करने का निर्णय फिलहाल वापस ले लिया गया है। अब नगर व ब्लाक इकाइयों का पुनर्गठन निकाय चुनाव के बाद किया जाएगा। संवाद