निजी स्कूलों की बढ़ती मनमानी के खिलाफ छात्र नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। गुस्साए लोगों ने सीईओ दफ्तर में हंगामा किया और मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बुधवार को डिग्री कालेज के पूर्व और वर्तमान छात्र नेताओं ने मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन कर सीईओ डा. नीता तिवारी का घेराव किया। उनका कहना था कि निजी स्कूलों ने मनमानी की सभी हदें पार करते हुए कापी-किताब, ड्रेस खरीदने के लिए दुकानें तय कर रखी हैं। हर साल एडमिशन के नाम पर मोटी फीस, विभिन्न कार्यक्रमों के बहाने अभिभावकों से पैसों की वसूली आम हो गई है। आम अभिभावक इतना खर्च वहन करने में सक्षम नहीं है। इसके अलावा बसों का भारी भरकम शुल्क लेने के बाद भी बच्चों को ठूंस-ठूंस कर लाया ले जाया जाता है। कहा कि अधिकारी जानने के बाद भी कार्रवाई नहीं करते इससे उनकी मनमानी और बढ़ रही है। आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के कारण ही अभिभावकों को लूटा जा रहा है। सीइओ डा. तिवारी ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहां छात्र संघ अध्यक्ष गोपाल पटेल, पूर्व छात्र संघ संदीप चीमा, प्रमोद शर्मा, पवन शर्मा, शिवम चौहान, योगेश चौहान, दीपक ग्रोवर, विमल सरकार, इमरान सैफी, श्याम कोली, रचित सिंह, अंकित सिंह, अजय बिष्ट, वरुन पांडे, वरुन मुंजाल, विपिन शर्मा, गगन खुराना, हरेंद्र पाल, मन्नू शर्मा, सोनी भाटिया, प्रांजल गावा, अंकुर वर्मा, रवि रावत, विजय हरि आदि मौजूद थे।