रुद्रपुर। 46वीं पीएसी में सेनानायक से अभद्रता करने वाले कंपनी कमांडर पर आखिरकार गाज गिर ही गई। आईजी के आदेश के बाद सेनानायक सुखवीर सिंह ने कमांडर खजांची लाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पूर्व में भी उनके खिलाफ एक परिवार से गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत आईजी से की गई थी।
46वीं वाहिनी पीएसी में कंपनी कमांडर खजांची लाल को 13 जून को कंपनी में ज्वाइनिंग करनी थी, लेकिन उस दिन रविवार का अवकाश होने पर उसकी आमद नहीं हो सकी थी। इसके बाद कमांडर को 15 जून को आमद के लिए बुलाया गया था। कमांडर ने ऑफिस में पहुंचते ही अभद्रता कर दी थी। बीच-बचाव में आए कर्मचारियों से भी उसने अभद्रता की। इसके चलते उसेे पुलिस के हवाले करना पड़ा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया था।
बीते शुक्रवार को कंपनी कमांडर ने कार्यालय में अपनी मेडिकल रिपोर्ट देकर 14 दिन मेडिकल ले लिया था। सेनानायक सुखवीर सिंह ने बताया कि कंपनी कमांडर खजांची लाल ने 13 जून 2020 को वाहिनी में नियुक्त कर्मियों व उनके परिजनों के साथ अभद्रता, गाली गलौच व जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद 15 जून को उनके दफ्तर में पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने बताया कि सभी मामलों की रिपोर्ट बनाकर आईजी को भेजी गई थी। मंगलवार को आईजी के आदेश के बाद कंपनी कमांडर को निलंबित कर वाहिनी मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है।