खटीमा/मझोला। हल्दीघेरा गांव में आठ करोड़ रुपये की लागत से बनी कुमाऊं की सबसे बड़ी गोशाला का 24 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोकार्पण करेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य की निगरानी में गोशाला परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सीएम के हेलिकॉप्टर के उतरने के लिए सत्रहमील में अस्थायी हेलीपैड का निर्माण किया गया है।
मंगलवार को जिपं अध्यक्ष मौर्य ने गोशाला का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस हाईटेक गोशाला में करीब 2000 पशुओं के रहने की क्षमता है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को लावारिस जानवरों की समस्या से राहत मिल सकेगी। सड़कों पर घूमने वाले लावारिस पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को सीएम धामी के के कार्यक्रम की सभी तैयारियां बुधवार को पूरी कर ली जाएंगी। वहां दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, कैप्टन गंभीर सिंह धामी, सतीश गोयल, भागीरथी खोलिया, रंदीप पोखरिया, जीवन धामी आदि थे।