फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कृषि विज्ञान सम्मेलन: सीएम धामी बोले- जैविक चाय बागान में बदले जा रहे राज्य के तीन टी गार्डन

Sat, 22 Feb 2025 12:46 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर

सार

पंतनगर के गांधी मैदान में आयोजित 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन में सीएम पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि कही। इस दौरान उन्होंने बताया कि धौलादेवी, मुनस्यारी और बेतालघाट के टी गार्डन को जैविक चाय बागान के रूप परिवर्तित करने के लिए काम किया जा रहा है।
विज्ञापन
सीएम पुष्कर सिंह धामी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्र सरकार देश में विभिन्न योजनाओं और अभियान के जरिये कृषि उपज बढ़ाने की दिशा में कर रही है। विभिन्न फसलों की एमएसपी बढ़ाकर किसानों की आय में बढ़ोतरी भी सुनिश्चित की जा रही है। यह बात शुक्रवार को पंतनगर के गांधी मैदान में आयोजित 17वें कृषि विज्ञान सम्मेलन में सीएम पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि कही। इस दौरान उन्होंने बताया कि धौलादेवी, मुनस्यारी और बेतालघाट के टी गार्डन को जैविक चाय बागान के रूप परिवर्तित करने के लिए काम किया जा रहा है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार भी प्रदेश के किसानों की उत्थान और समृद्धि के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। भारत सरकार की गरीब, युवा और अन्नदाता की थीम को आत्मसात कर बजट में प्रावधान किए गए हैं। इस सत्र के बजट किसानों और पशुपालकों के उत्थान के लिए 463 करोड़ रुपये का अलग से प्रावधान किया है। प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याज रहित ऋण दिया जा रहा है। फार्म मशीनरी बैंक योजना में उपकरण खरीदने के अलावा एप्पल मिशन के तहत सेब के बागान लगाने पर 80 फीसदी की सब्सिडी दी जा रही है।

ऐसे आयोजनों से मिलता है मार्गदर्शन

विज्ञापन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऐसे सम्मेलनों से किसान भाइयों को कृषि से जुड़ी नवीनतम तकनीकों, शोध परिणामों एवं उत्तम बीज, खाद आदि के बारे में जानने का अवसर मिलता है। यहां लगे विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से किसानों को उद्यानिकी, पशुपालन एवं जैविक खेती जैसी कृषि की अन्य विधाओं के बारे में भी विषय विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिलता है। कहा कि वर्ष 1960 से लगातार पंत विवि न केवल कृषि एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निरंतर नए-नए शोध कार्य कर रहा है, बल्कि देश में प्रतिभावान वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की नई पौध को भी विकसित करने का कार्य कर रहा है। यहां आयोजित हो रहा कृषि विज्ञान सम्मेलन उत्तराखंड के साथ ही पूरे देश के कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को और अधिक समृद्ध करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने छह प्रगतिशील किसानों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है लिव इन रिलेशनशिप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। यूसीसी से सभी को समान अधिकार मिलेंगे। उन्होंने कहा कि लिव इन रिलेशनशिप में रहने वालों की जानकारी उनके परिजनों के साथ ही प्रशासन को भी होगी। कुछ लोग इसे निजता का उल्लंघन बताकर भ्रांतियां फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। हमारा मकसद किसी की निजता का उल्लंघन करना नहीं है। कहा कि लिव इन रिलेशनशिप हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है लेकिन वे लोकतांत्रिक मूल्यों पर भरोसा रखने वाले हैं। यूसीसी में लिव इन में रहने वालों को सुरक्षा मिलेगी। इससे हिंसक वारदातों पर अंकुश लगेगा।

27 फरवरी को मुखबा आ रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी

विज्ञापन

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से गहरा लगाव है। देश के सीमांत गांवों को मोदी सरकार ने पहले गांव की संज्ञा दी है। इन गांवों में विकास की योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए योजना बनाई जा रही है। वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत कई कार्य किए जा रहे हैं। बताया कि पीएम मोदी 27 फरवरी को उत्तरकाशी के मुखबा और हर्षिल पहुंच रहे हैं।

बेमौसमी धान पर लगाई गई पाबंदी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ग्रीष्मकालीन धान की खेती पर रोक लगा दी गई है। इस प्रकार के नवाचार से लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि ग्रीष्मकालीन धान की खेती से भूजल स्तर घट रहा है। सरकार ने खेती पर बैन लगाकर अच्छा कार्य किया है। इससे भूजल का लेवल बढ़ेगा और कीटों का जीवनचक्र चलता रहेगा।

मडुवे की लस्सी और बर्फी का लिया स्वाद
मुख्यमंत्री धामी ने कृषि विज्ञान प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किय। उन्होंने पशु विज्ञान महाविद्यालय के स्टॉल में पहुंचकर मडुवे की बर्फी और लस्सी का स्वाद चखा। उन्होंने इसरो के स्टॉल पर पहुंचकर स्पेस शूट के साथ फोटो भी खिंचवाई। प्रदर्शनी में विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर जानकारी ली। 

 

प्रदेश में 26 फीसदी तक बढ़ी प्रति व्यक्ति आय
जीबी पंत विवि के कुलपति डॉ. एमएस चौहान ने कहा कि सम्मेलन में यूएसए, आस्ट्रेलिया, फिजी सहित अनेक 16 देशों के 90 वैज्ञानिक पहुंचे हैं। 500 से अधिक प्रगतिशील किसान भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री के सहयोग व प्रेरणा से कृषि सम्मेलन का आयोजन संभव हो पाया है। सरकार के सफल नेतृत्व में प्रदेश की प्रतिव्यक्ति आय में 26 फीसदी की वृद्धि हुई है। प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद में भी 1.3 गुना इजाफा हुआ है। उन्होंने प्रदेश में यूसीसी लागू करने, प्रथम बार राष्ट्रीय खेल सफलतापूर्वक आयोजित करने और पहली बार बार कृषि विज्ञान सम्मेलन आयोजित कराने के लिए मुख्यमंत्री धामी का आभार जताया।

 

ये लोग रहे मौजूद
रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, हल्द्वानी मेयर गजराज बिष्ट, दायित्व धारी अनिल कपूर डब्बू, आईजी डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, डीडीए उपाध्यक्ष जय किशन, डॉ. डब्ल्यूएस लाखड़ा, निदेशक शोध डॉ. एएस नैन, प्रो. आरबी सिंह, पंजाब सिंह, पीएल गौतम, डॉ. बीएस बिष्ट, डॉ. राम भजन सिंह, राजीव वार्ष्णेय, डॉ. राजवीर सिंह, डॉ. वीर सिंह, डॉ. धीर सिंह, डॉ. श्रीनिवास, डॉ. महावीर सिंह।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें