मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरिचांद गुरुचांद मतुआ संप्रदाय के धर्मगुरु दिनेशपुर श्री हरि मंदिर के संस्थापक मतुआ रत्न दिवंगत आचार्य बाबा गोपाल महाराज की याद में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेकर उनका भावपूर्ण नमन किया। कहा कि आचार्य महाराज मानवता की मिसाल थे और उन्होंने समूचे समाज को एक सूत्र में बांधने का काम किया।
बुधवार को सीएम ने समाधिस्थल पर पहुंचकर मत्था टेका और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मंदिर परिसर में हुई श्रद्धांजलि सभा में मौजूद हरि भक्तों को संबोधित किया। कहा कि आचार्य गोपाल महाराज ने दिनेशपुर में रहकर पांच दशक तक मानव कल्याण के लिए काम किया।
उनके कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वहां मौजूद सभी भक्तजनों और महाराज के प्रमुख शिष्य विवेकानंद ब्रह्मचारी को सांत्वना देते हुए कहा कि जनता और राज्य सरकार हरि भक्तों के साथ है। मंदिर समिति की ओर से वर्तमान आचार्य विवेकानंद ब्रह्मचारी और पदाधिकारियों ने सीएम को बाबा का एक चित्र और मतुआ समुदाय की प्रतीक चिन्ह नारियल की माला भेंट की।
श्रद्धांजलि सभा को शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने भी संबोधित किया। वहां पर विधायक राजकुमार ठुकराल, सुरेश परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवकुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सरकार, विजय मंडल, अनादि मंडल, हिमांशु सरकार, रवींद्र बजाज, काबल सिंह, त्रिनाथ विश्वास आदि थे।
बंगाली समुदाय के जाति प्रमाणपत्र से शीघ्र हटेगा पूर्व पाकिस्तानी शब्द
दिनेशपुर। सीएम ने सभा में कहा कि बंगाली समुदाय के छात्रों के जाति प्रमाणपत्र में पूर्व पाकिस्तानी शब्द लिखे आने के मुद्दे पर सरकार गंभीर है। आचार्य महाराज भी इससे आहत थे। इसे हटाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। शीघ्र ही समुदाय की इस मांग को पूरा कर दिया जाएगा। यह प्रदेश सरकार की ओर से आचार्य गोपाल महाराज को एक श्रद्धांजलि होगी।
निर्धारित समय से 40 मिनट देर से पहुंचे मुख्यमंत्री
दिनेशपुर। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर निर्धारित समय से 40 मिनट देर से पहुंचा। स्वर्गीय चितरंजन राहा इंटर कॉलेज में बनाए गए हेलीपेड में उनका हेलीकॉप्टर निर्धारित समय 1:10 के स्थान पर 1:51 पर लैंड किया। वहीं गेस्ट रूम में सीएम ने जलपान किया।
उसके बाद वे कार से श्री हरि मंदिर पहुंचे। हरि मंदिर में करीब 30 मिनट रुकने के बाद 2:45 पर हेलीकॉप्टर देहरादून के लिए रवाना हो गया। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए दोपहर 12:00 बजे से ही जाफरपुर मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंद कर दिया गया था।
दिनेशपुर के श्री हरि मंदिर में बाबा गोपाल महाराज की समाधि पर मत्था टेकते मुख्यमंत्री।- फोटो : RUDRAPUR