काशीपुर। चैत्र मास में होने वाले बाल सुंदरी देवी के चैती मेला को लेकर प्रशासन अलर्ट है। प्रत्येक वर्ष चेन स्नेचिंग व पॉकेट मारे जाने पर रोक के लिए मंदिर परिसर में 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
19 मार्च से शुरू होने वाला मेला प्रशासन की देखरेख में होगा। बीते शनिवार को मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बिजली व साउंड, दुकानें व तहबाजारी, झूला-तमशा व पार्किंग का ठेका कराया है।
एसडीएम ने बताया कि मां भगवती का डोला आने के बाद से मंदिर परिसर में चेन स्नेचिंग व पॉकेट मारे जाने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। बीते वर्ष मंदिर परिसर में 16 सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाती थी। इस वर्ष 32 सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। मेला क्षेत्र में 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सादी वर्दी में महिला-पुलिस कर्मियों के अलावा अतिरिक्त महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती के लिए पत्राचार किया जा रहा है।
उधर, मंदिर के मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री ने बताया कि चैत्र नवरात्र के पहले दिन 19 मार्च को ध्वजारोहण के साथ मेला शुरू होगा। 25 मार्च की अर्द्धरात्रि में मां बाल सुंदरी देवी का डोला पंडा आवास मोहल्ला कानूनगोयान से चैती मंदिर पहुंचेगा। 31 मार्च की अर्द्धरात्रि डोला मंदिर से पंडा आवास वापस रवाना होगा। मेला 17 अप्रैल तक चलेगा।