बाजपुर/केलाखेड़ा। बाजपुर में पिछले 15 दिन से हड़ताल पर चल रहे निकाय कर्मियों ने चेयरमैन गुरजीत सिंह गित्ते के अनुरोध पर आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। वहीं, केलाखेड़ा नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों ने उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित कर दिया।
बाजपुर में निकाय कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी त्योहार को देखते हुए जनहित में हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। चेयरमैन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद कर्मचारी शुक्रवार से काम पर लौटेंगे। हड़ताल के कारण नगरीय क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बृहस्पतिवार दोपहर कर्मचारियों ने पालिका कार्यालय में तालाबंदी कर धरना भी दिया। इस दौरान सीताराम तिवारी, सुरेश कुमार, विनोद, चंद्रजीत सिंह प्रेमी आदि मौजूद रहे।
केलाखेड़ा में उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने हड़ताल कर रहे पर्यावरण मित्रों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत अन्य मांगें उनके समक्ष रखीं। उपाध्यक्ष ने दो पर्यावरण मित्रों के नियमितीकरण के साथ ही अन्य मांगों के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद शफी ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से पत्र प्राप्त होते ही दोनों कर्मियों को नियमितीकरण पत्र जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद पर्यावरण मित्रों ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।