सितारगंज। जायडस कंपनी के आंदोलनरत कर्मचारियों का समर्थन करते हुए उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने 50 हजार युवाओं का रोजगार छीन लिया है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने पीड़ित कर्मचारियों के समर्थन में सड़क से सदन तक समर्थन का भरोसा दिया।
शुक्रवार को जायडस कर्मचारियों के धरने के 161वें दिन गेट पर जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने लाखों युवाओं को रोजगार दिया लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार कर्मचारियों की अनदेखी कर रोजगार छीनने में जुटी है। रातोंरात कंपनी बंद कर प्रबंधन चला गया लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। हाईकोर्ट के निर्णय को भी सरकार मानने को तैयार नहीं है।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि सरकार की अनदेखी से 1200 परिवार प्रभावित हो गए। इनसे जुड़े हजारों लोग भी प्रभावित हुए। सीपीआईएमएल के स्टेट सेक्रेटरी राजा बहुगुणा और एआई सीसीटीयू के प्रदेश महामंत्री केके बोरा ने जायडस कर्मचारियों के आंदोलन को निर्णायक मोड़ तक समर्थन देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही अवैध बंदी घोषित नहीं करती है तो जन सम्मेलन बड़े आंदोलन का रूप लेगा।
वहां एक्टू के कोषाध्यक्ष ललित मटियाली, इंटरार्क श्रमिक संगठन के अध्यक्ष राकेश कुमार, संयुक्त मोर्चा ऊधमसिंह नगर अध्यक्ष दिनेश तिवारी, हेमंत गैरोला, तारेश बिष्ट, महेश बेलवाल, मनोज सिंह, विकास सती, चंदन बोरा, धर्मेंद्र सिंह, दलीप कुमार, रंजना राणा, भावना, अनीता, खीमा पंत, रवीना, सबीना, चंदन बोरा, दीपक नयाल, हरीश सिंह आदि थे।