कोसी नदी से अपने घरों को वापस लौटते श्रमिक।
- फोटो : KASHIPUR
कोसी नदी क्षेत्र में एक सप्ताह से खनन कार्य सुचारु न होने से श्रमिकों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। आलम यह है कि
काम न मिलने से कई श्रमिकों ने अपने घरों को लौटना शुरू कर दिया है। खनन कार्य शुरू न होने से दुकानदार भी परेशान हैं।
कोसी नदी में सरकार की ओर से स्वीकृत पट्टों में खनन चुगान के लिए यूपी जिले के रामपुर, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, चंदौसी आदि क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रमिक आते है। ये श्रमिक कोसी नदी किनारे झोपड़ी डालकर वाहनों में आरबीएम भरने का कार्य करते हैं लेकिन पट्टों की आड़ में हो रहे अनाधिकृत खनन की शिकायत पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।
तहसीलदार प्रेम सिंह चौहान ने तीन चेक पोस्ट बनाए हैं। इन चेक पोस्टों पर निकासी के वाहनों की चेकिंग की जा रही है। खनन कार्य पूरी क्षमता से नहीं चल पाने के कारण मजदूर हाथ पर हाथ रखे बैठे हुए हैं। खनन कार्य रुक- रुक कर चलने पर श्रमिकों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खनन चुगान के इंतजार में बैठे मजदूर थक हार कर पैदल अपने घरों की तरफ रवाना होने लगे हैं। संवाद