रुद्रपुर। जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की मासिक समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जुलाई माह में हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रकरणों और उनके निस्तारण की विस्तार से समीक्षा की गई। बताया गया कि 24 जुलाई तक चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर 30 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें गुमशुदा बच्चे, मारपीट, बाल श्रम, काउंसिलिंग, विद्यालय से संबंधित समस्याएं, बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम और अन्य बाल संरक्षण से जुड़े मामले शामिल हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को निर्देश दिए कि बच्चों के अधिकार, बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो अधिनियम और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक सप्ताह दो दिन नियमित रूप से जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। ब्यूरो