मुख्यमंत्री धामी के समक्ष महापौर ने रखी थी मांग
रुद्रपुर। एक महीने पहले बारिश के दौरान तोड़े गए तीनपानी डैम और पुलिया के पुनर्निर्माण का प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल हो गया है। मुख्यमंत्री के समक्ष महापौर ने इस मामले को रखा था। इस पर सीएम ने इस प्रोजेक्ट को अपनी घोषणा में शामिल कर लिया। महापौर के अनुसार मुख्यमंत्री की घोषणा के शामिल होने के बाद जल्द ही शासन को इसका प्रस्ताव भेजकर निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
खटीमा कैंप कार्यालय में शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से महापौर विकास शर्मा ने मुलाकात की। उन्होंने वार्ड नंबर एक फुलसुंगा स्थित तीन पानी डैम का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि यह डैम पिछले कई वर्षों से जीर्ण-क्षीर्ण अवस्था में है। इससे बरसात के दौरान जलनिकासी में भारी दिक्कतें आती हैं। इससे सड़कों के साथ ही आसपास की कॉलोनियों में पानी घुस जाता है। एक माह पहले भारी बारिश और जलभराव के कारण इसे तोड़ना पड़ा था।
महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डैम और पुलिया के पुनर्निर्माण कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित करने की मंजूरी दी। उन्होंने वहां मौजूद जिलाधिकारी नितिन भदौरिया को निर्देश दिए कि वे शीघ्र इस कार्य का विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजें।
उन्होंने बताया कि तीन पानी डैम और पुलिया का पुनर्निर्माण कार्य करीब एक करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसके बनने से हजारों की आबादी को जलभराव जैसी समस्या से मुक्ति मिलेगी और क्षेत्र में यातायात सुगम हो सकेगा।