रुद्रपुर। कुमाऊं विवि के 20वें दीक्षांत समारोह में चाणक्य लॉ कॉलेज, रुद्रपुर के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट अकादमिक उपलब्धियों से पूरे परिसर में गौरव और उत्साह का वातावरण बना दिया।
एलएलबी सत्र 2024–25 में 77.83 % अंक प्राप्त कर कॉलेज की मेधावी छात्रा मीतु गोयल ने वाइस चांसलर गोल्ड मेडल, ठाकुर इंद्र सिंह नयाल मेमोरियल गोल्ड मेडल और गौरा देवी गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
एलएलएम वर्ग में कुमार रजत ने 79.25% के शानदार प्रदर्शन से वाइस चांसलर गोल्ड मेडल अर्जित किया। इनके अलावा बीए, एलएलबी में 69% अंक प्राप्त करने पर आयुषी गुप्ता को स्व. मोहन चंद्र पांडे गोल्ड मेडल से नवाजा गया। तीनों मेधावियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया।
कॉलेज के चेयरमैन एसपी सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर रविंद्र सिंह बिष्ट, प्राचार्या डॉ. दीपाक्षी जोशी, सलीम अहमद, अनिल कुमार, डॉ. आयशा आमीन, डॉ. हरकमल कौर, डॉ. रुबीना सुल्तान, प्रतिभा सिंह, मनप्रीत कौर, आकांक्षा रघुवंशी, सिद्धि अग्रवाल, हिमानी फुलारा एवं वर्णिका वर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।