सितारगंज। पांच दिन पहले वेस्टर्न कंपनी के डीजीएम के घर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी करने के दो आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए जिनकी पुलिस तलाश में जुटी है। इधर, डीजीएम ने कॉलोनी वासियों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वेस्टर्न कंपनी के डीजीएम अवकाश चौबे अपनी बेटी का इलाज कराने लखनऊ गए हुए थे। 14 जुलाई को चोरों ने उनके बंद मकान में धावा बोल अलमारी में रखे सोने के जेवरात और 20 हजार की नकदी चुरा ली थी। डीजीएम ने बृहस्पतिवार को कॉलोनी वासियों के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसआई धीरज वर्मा ने बताया कि डीजीएम की तहरीर पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया कि चोर कॉलोनी के सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुए हैं। जिसकी जांच की जा रही है। वहां अवकाश चौबे, रामशंकर यादव, दिलीप सिंह, त्रिलोक शर्मा, धर्मेंद्र चौधरी आदि थे।