काशीपुर के कुंडेश्वरी क्षेत्र में गांधी नगर रोड का निरीक्षण करते एसएसपी व अन्य। संवाद
काशीपुर। बीते पांच दिन में तेज रफ्तार डंपरों की चपेट में आकर चार लोगों की मौत होने पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लगभग आधा दर्जन गांव की छोटी-बड़ी सभी सड़कों का जायजा लेकर सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक सभी भारी वाहनों की आवाजाही पर छोटी-बड़ी सभी सड़कों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी स्वप्न किशोर सिंह, कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने पुलिस टीम व ग्रामीणों के साथ कुंडेश्वरी क्षेत्र में खनन वाहनों के चलने वाले रास्तों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया उनके क्षेत्र की सड़कें 12 फीट चौड़ी हैं। खनन के बड़े डंपर इन्हीं मार्गों से होकर गुजरते हैं। बताया बीते रविवार की रात ग्राम ब्रह्मनगर निवासी अनिल कुमार की और सोमवार की सुबह शिवनगर निवासी जयपाल सिंह की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर मौत हो गई थी।
एसएसपी मिश्रा ने कहा कि गांव की सभी छोटी बड़ी सड़कों का निरीक्षण किया गया है। छोटी व ज्यादा घनी आबादी वाले रास्तों पर अब भारी वाहन नहीं चलेंगे। उन्होंने ग्राम ढकीया, गुलजारपुर, ब्रह्मनगर के करीब आधा दर्जन गांव की छोटी बड़ी सभी सड़कों को देखा। कहा कि सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक सभी भारी वाहनों का छोटी-बड़ी सभी सड़कों पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि स्कूलों व घनी आबादी के पास साइड या हाइट बैरियर लगाए जाएंगे। एसएसपी ने बताया कि महादेव नगर तिराहा और गुरुनानक सेमलपुरी मोड़ पर बैरियर लगा दिए गए हैं। साथ बताया अब खनन वाहन गांधी नगर रोड होकर आना-जाना करेंगे। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि यदि कोई भी वाहन उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क हादसे रोकने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने बताया कि ग्राम ब्रह्मनगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से अनिल कुमार की मौत हो गई थी। पुलिस टीम ने आरोपी डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। वहीं उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कड़ाई से लागू किया जाएगा। इसके अलावा दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और कंट्रोल रूम से निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी। वहीं जिले में चिह्नित दुर्घटना संभावित स्थलों का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा खामियों को दूर किया जाएगा।