काशीपुर। एटीएम कंपनी का मैनेजर बताकर एक साइबर ठग ने ठेकेदार को झांसे में लेकर उसके एटीएम का पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद ठग ने कुछ ही घंटों में साढ़े 49 हजार रुपए से ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। खाते से रुपए निकलने का मेसेज मोबाइल में आने पर ठेकेदार के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने एटीएम ब्लॉक कराने के साथ ही अज्ञात ठग के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बांसखेड़ा कला निवासी हाशम अली का एसबीआई की कृषि विकास शाखा में पत्नी के साथ संयुक्त खाता है। शुक्रवार को हाशम के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को एटीएम सर्विस कंपनी का मैनेजर बताया। उसने एटीएम ब्लॉक होने की बात कह कर हाशम से उसका पासवर्ड हासिल कर लिया। कुछ ही घंटे बाद हाशम के मोबाइल पर खाते से चार बार 49,575 रुपए निकलने के चार एसएमएस आ गए।
इसे देख हाशम के होश उड़ गए। उन्होंने एटीएम को ब्लॉक करा दिया और शनिवार को ग्रामीणों के साथ बैंक शाखा पहुंचे। उसने खाते से रुपए निकलने की बात शाखा प्रबंधक से की। जब खाते की एंट्री जांची गई तो पता चला कि साइबर ठग ने शॉपिंग कंपनी पेटीएम से दो बार 10 हजार रुपए, एक बार 19 हजार 576 रुपए और एयरटेल मनी से एक बार 9999 रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग की है। हाशम ने बताया कि वह ठेकेदारी करता है। खाते से रुपए निकलने की तहरीर कोतवाली में दी गई है।