नानकमत्ता। खरीदे गए धान का भुगतान करने के लिए राइस मिल की दराज में रखे ग्यारह लाख रुपये संदिग्ध हालात में चोरी हो गए। मिल में काम करने वाले दो मुनीम भी लापता बताए गए हैं। मिल स्वामी ने चोरी की मौखिक सूचना पुलिस को दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
नगर के गुरुद्वारा मार्ग पर रहने वाले रामविलास अग्रवाल पुत्र मूलचंद अग्रवाल की राइस मिल डियुढ़ी मार्ग स्थित खेमपुर गांव में है। आजकल वहां किसानों से धान खरीदा जा रहा है। इसलिए मिल स्वामी ने किसानों को धान का भुगतान करने के लिए कुछ रुपये बैंक से निकाले और कुछ रुपये पुत्र से लेकर कुल ग्यारह लाख रुपये जुटाए थे।
इन्हें मिल के ऑफिस की दराज में रखकर ताला लगाया गया था। मिल स्वामी नवरात्र के उपलक्ष्य में सोमवार दोपहर जगदंबा मंदिर में भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने गए। जब वह मंदिर से लौटे तो मिल में काम करने वाले दोनों मुनीम लापता थे।
दराज की चाबी भी एक मुनीम के पास थी। रामविलास ने जब मुनीम को फोन लगाया तो दोनों मुनीमों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ थे। रामविलास में दराज का ताला तोड़कर देखा तो दराज में रखे ग्यारह लाख रुपये गायब थे। इसलिए उन्होंने पुलिस को तत्काल सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे एसआई लक्ष्मण जोशी एवं संजय कुमार ने मौका मुआयना किया। राइस मिल में जमा दोनों मुनीमों की आईडी प्रूफ भी नहीं मिली। इसलिए पुलिस ने दोनों मुनीमों के मोबाइल फोन सर्विलांस में लगा दिए हैं। पुलिस उन्हें तलाश रही है। फिलहाल मिल स्वामी ने पुलिस को लिखित तहरीर नहीं सौंपी थी।