पंतनगर। नैनीताल जिले में ओखलकांडा के कचलाकोठ निवासी पूजा मेहरा की तहरीर पर पुलिस ने डाबर इंडिया लिमिटेड कंपनी के प्रबंधन व ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूजा ने दी तहरीर में बताया कि वह छह महीने से सिडकुल की डाबर इंडिया लिमिटेड में ठेके पर टाइपिंग मशीन पर काम कर रही है। तीन नवंबर की दोपहर टाइपिंग मशीन के कटर में हाथ फंसने से उसकी बाएं हाथ की एक उंगली कट गई। उसने कंपनी प्रबंधक, एचआर प्रबंधक, संबंधित सुपर वाइजर और ठेकेदार को समय-समय पर मशीन खराब होने की जानकारी दी थी लेकिन उससे जबरदस्ती काम कराते रहे। खराब मशीन पर काम करने से मना करने पर डरा धमकाकर जबरदस्ती कार्य करवाया गया। वह इसलिए काम करती थी कि उसके पिता दिव्यांग है और घर की सबसे बड़ी बेटी होने पर काम करना उसकी मजबूरी है। एसएचओ पंंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि मामले में कंपनी प्रबंधक, एचआर प्रबंधक, संबंधित सुपर वाइजर और ठेकेदार (नाम अज्ञात) के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं कंपनी के एचआर को फोन से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।