पुलिस अधिकारियों को दिए हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के निर्देश
बाबा तरसेम सिंह की हत्याकांड के बाद शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अभिनव कुमार नानकमत्ता पहुंचे। उन्होंने डेरा कार सेवा परिसर में घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से नानकमत्ता पहुंचे पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार हेलीपेड पर उतरकर सीधे कार सेवा डेरा पहुंचे। जहां उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अब तक मिले सभी महत्वपूर्ण सुरागों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद डेरा कार सेवा के कमरे में डीपीजी ने बाबा सुरेंद्र सिंह, बाबा श्याम सिंह और सेवादारों के साथ वार्ता की। उन्होंने सभी से धैर्य बनाए रखने के लिए कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हत्याकांड के शीघ्र खुलासे को लेकर सभी एंगल पर कार्य करने को कहा।
इसके बाद पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता करते हुए पुलिस महानिदेशक ने कहा कि एसआईटी समेत पुलिस की सभी टीमें हत्यारोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। लगातार दबिशें दी जा रही हैं। हत्याकांड का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। वहां पर डीआईजी योगेंद्र रावत, नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी रुद्रपुर मनोज कत्याल, अभय सिहं, सीओ कविता वडोला, विमल रावत आदि थे।