रम्पुरा में युवती, उसके मंगेतर और परिजनों के साथ मारपीट और फायरिंग कर घायल करने वाले 6 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। वहीं पुलिस लगातार आरोपियों के ठिकानों में दबिशें मार रही है।
बता दें कि कटोरी मंदिर के पास वार्ड नंबर 8 रम्पुरा निवासी संतोष कोली (20) पुत्र रामदास का वहीं की रहने वाली पूनम (19) पुत्री राजपाल से रिश्ता तय हुआ है। रिश्ता तय होने के बाद संतोष का पूनम के घर आना-जाना शुरु हो गया। बताया जा रहा है कि मोहल्ले मेें रहने वाले युवक को संतोष का आना नागवार गुजरता था।
मंगलवार देर शाम भी संतोष अपनी मंगेतर के घर आया तो युवक ने अपने दर्जनों साथियों के साथ विरोध जताया। वहीं आरोपियों ने कलावती, बेटी पूनम, कविता और उसके मंगेतर संतोष कोली की लाठी डंडों से पिटाई की। संतोष पर तमंचे फायर भी झोंका गया। झगड़े के समय वहां से गुजर रहे रुप सिंह (26) पुत्र ठाकुरदास निवासी रम्पुरा के दाएं हाथ में छर्रे लगने से लहूलुहान हो गया।
सोमवार को युवती के पिता राजपाल सिंह निवासी रम्पुरा की तहरीर पर पुलिस ने 6 आरोपी सोनू खतम, पप्पू, विशाल, निखिल और मुखिया के खिलाफ जान से मारने, बलवा, मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं मेें मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने आरोपियों के घर और ठिकानों में दबिशें भी दी।
सोनू के ऊपर कई केस
रुद्रपुर। रम्पुरा में एक घर में घुसकर चार लोगों की पिटाई करने वाला आरोपी सोनू खतम दबंग किस्म का है। उसके खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज हैं। कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दबिशें दी जा रही है। लेकिन आरोपी अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं।