संवाद न्यूज एजेंसी
खटीमा। भाजपा नेता ने महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीरा सोनकर पर जान से मारने की धमकी देने को आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने कांग्रेस नेत्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड 13 निवासी राज गौरव सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह समाज के दबे पीड़ित की मदद क लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। इस कारण कुछ रसूखदार उससे रंजिश रखते है। वार्ड 13 निवासी मीरा सोनकर उससे पूर्व से ही रंजिश रखती है। उसकी ओर से धमकाया जा रहा है कि जिस दिन सुरक्षा गार्ड हटेगा उसी दिन उसे जान से मार देंगे। इस बात का प्रमाण के रूप में एक ऑडियो वीडियो भी वायरल हो रहा है। इससे उसे जान माल का खतरा बना हुआ है। कहा कि मीरा सोनकर भविष्य में उसके और उसके परिवार के साथ कोई भी संगीन घटना कर सकती है। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस नेत्री मीरा सोनकर के खिलाफ धारा 506 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि मामले की जांच बाजार चौकी प्रभारी संदीप पिलख्वाल को सौंपी गई है।
कोट
गौरव सोनकर मेरे साथ राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रखता है। 11मई को गौरव सोनकर अपने गनर के साथ उसके घर पर आया था गालीगलौज अभद्रता करने लगा इस घटना का वीडियो भी उसके पास है। मैंने इसकी शिकायत वार्ड मेंबर विश्वनाथ यादव से भी की और अनुरोध किया गया कि वह वार्ड मेंबर होने के नाते उससे समझाए। गौरव सोनकर ने अपनी दबंगई और राजनीतिक संरक्षण का परिचय देते मेरे खिलाफ झूठी एफआई आर दर्ज कराई है । मैंने जान से मारने की धमकी नहीं दी है। मामले की जांच के लिए घर पहुंची पुलिस टीम को भी मैंने यही बताया है। - मीरा सोनकर, प्रदेश उपाध्यक्ष, महिला कांग्रेस