कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम गुलजारपुर सुंदर कॉलोनी निवासी था चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर (ऊधमसिंह नगर)। अपने ही डंपर और पेड़ के बीच दबकर चालक की मौत हो गई। कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम गुलजारपुर सुंदर कॉलोनी निवासी किशन पाल (27) केला मोड़ पर स्थित पेट्रोल पंप पर कभी तेल का टैंकर तो कभी डंपर चलाता था।
शनिवार की रात करीब नौ बजे किशन पाल डंपर लेकर आया। पेट्रोल पंप के बाहर डंपर स्टार्ट कर वह डंपर मालिक के पास पंप पर चला गया। अचानक डंपर खुद ही चल पड़ा। यह देख वह भाग कर गया और डंपर की खिड़की खोल कर हैंड ब्रेक लगाने का प्रयास किया लेकिन ब्रेक नहीं लगा। सामने पेड़ था। वह डंपर और पेड़ के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पंप मालिक मृदुल जायसवाल ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किशन के मामा नंदकिशोर ने बताया कि मृतक चार भाई हैं। किशन सबसे बड़ा था। तीन भाई छोटे हैं। पूरा परिवार साथ रहता है। किशन के परिवार में पत्नी गीता और दो बेटियां हैं। ड़ी बेटी पांच साल और छोटी दो साल की है। पूरा परिवार मेहनत-मजदूरी करता है।