आखिरकार क्षतिग्रस्त बहला पुल पर दुर्घटना हो ही गयी। गाजियाबाद से सुल्तानपुर पट्टी जा रहा ट्रक क्षतिग्रस्त पुल की दीवार तोड़ बहला नदी में समा गया। घटना में ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई। जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक बाहर निकाला।
शुक्रवार की रात मसूरी गाजियाबाद यूपी निवासी ट्रक चालक वसीम (30) पुत्र सलीम खाली ट्रक लेकर क्लीनर नईम (22) पुत्र मो. यामीन के साथ सुल्तानपुर पट्टी जा रहा था।
रात लगभग ढाई बजे ट्रक बहला नदी की सुरक्षा दीवार तोड़कर नदी में गिर गया। ट्रक गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए। ट्रक के अंदर फंसे चालक व परिचालक को बमुश्किल बाहर निकाला। दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां डाक्टरों ने क्लीनर नईम को मृत घोषित कर दिया। जबकि ट्रक चालक वसीम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इधर सूचना मिलने पर मृतक नईम के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि नईम की शादी तीन साल पहले हुई थी। उसकी एक दो साल की बेटी है। जबकि उसकी पत्नी गर्भवती है। पुलिस के मुताबिक अचानक स्टेयरिंग लॉक होने के चलते यह घटना हुई।