मरीज को मुरादाबाद ले जाने के नाम पर कुछ बदमाश एक कार को बुक कराकर ले गये। रास्ते में उन्होंने तमंचे के बल पर चालक के साथ मारपीट की। बदमाशों ने चालक के हाथ पैर बांधकर उसे सड़क किनारे फेंक दिया और कार लूटकर फरार हो गए।
बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे एक व्यक्ति ने सुभाष नगर निवासी देवेंद्र यादव के कार चालक यशपाल यादव को फोन कर मरीज को लेकर मुरादाबाद जाने की बात कही। इसपर यशपाल कार लेकर उनके बताए स्थान पर पहुंचा, जहां से चार लोग कार में बैठ गये।
ठाकुरद्वारा और डिलारी के ग्राम नूरपुर के पास चारों बदमाशों ने तमंचे के बल पर चालक संग मारपीट की। उन्होंने चालक के हाथ, पैर बांधकर सड़क किनारे फेंक दिया और कार लूटकर फरार हो गए। चालक किसी प्रकार अपने हाथ पैर खोलकर देर रात घर पहुंचा। यशपाल की सूचना पर कार स्वामी देवेंद्र थाना नरपुर (मुरादाबाद) में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।