मृतक सुरेंद्र सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। ट्रक और कार की टक्कर में कार चालक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार शिक्षिका बाल-बाल बच गई। हादसे में ट्रक पलटने से उसके चालक और क्लीनर भी घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
काशीपुर के जसपुर खुर्द गौरी विहार निवासी सुरेंद्र सिंह (65) पुत्र आत्म सिंह पिछले कुछ समय से पद्मावती कॉलोनी निवासी शिक्षिका परविंदर कौर की कार चला रहे थे। परविंदर कौर धामपुर के एक इंटर कॉलेज में कार्यरत हैं।
बुधवार को सुरेंद्र सिंह कॉलेज से शिक्षिका को लेकर काशीपुर लौट रहे थे। दोपहर बाद करीब करीब तीन बजे ठाकुरद्वारा के मुनीरपुर मोड़ पर तेज गति से आ रहे ट्रक के चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
दुघर्टना में कार सवार सुरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। भीषण टक्कर होने से ट्रक भी असंतुलित होकर पलट गया, जिससे ट्रक चालक करनाल (हरियाणा) निवासी मुकेश पुत्र टेकराम और क्लीनर मनीष पुत्र गुलाब सिंह घायल हो गए।
घायलों को ठाकुरद्वारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। ठाकुरद्वारा पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी सुदेश कौर के अलावा एक पुत्र कुलविंदर है। कुलविंदर की मुख्य बाजार में ज्वैलर्स की दुकान है। मृतक की दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है।