काशीपुर। रामनगर रोड पर कार की टक्कर डंपर से हो गई। हादसे में कार सवार मां-बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल एक युवती की दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
भवाली (नैनीताल) निवासी नरेंद्र सिंह बिष्ट ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसके करीबी रिश्तेदार बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) निवासी भवानी मनराल बीती 19 जून की रात कैब से अपनी दोनों बेटियों रीना मनराल और सुनीता मनराल के साथ अपने पैतृक गांव सौरे, थाना भिक्यासैंण (अल्मोड़ा) जा रही थीं। कार (एचआर 58 डी 9994) दीपक नेगी चला रहा था। 20 जून की सुबह करीब पांच बजे न्यू प्रतापपुर चौक पर खालसा होटल के सामने कार अनियंत्रित होकर एक डंपर में जा भिड़ी।
हादसे में कार सवार मां-बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने सुनीता की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली में इलाज के दौरान सुनीता की मृत्यु हो गई जबकि उसकी मां भवानी और बहन रीना की हालत स्थिर बनी हुई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।