18केटीएम10पी- मृतका दमगड़ा गांव की आंगनबाड़ी कार्यकत्री हेमा बनकोटी।- फाइल फोटो
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। झनकईया में कैंटर की चपेट में आने से बाइक सवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक को मामूली चोट आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कैंटर को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम दमगड़ा निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेमा बनकोटी (38) पत्नी रमेश सिंह बुधवार शाम करीब चार बजे झनकईया थाने के पास बस से उतरने के बाद गांव के ही युवक दीपक चौहान की बाइक से लिफ्ट लेकर घर को जा रही थीं। इस बीच कैंटर (यूके 03 ए 219) ने बाइक को टक्कर मार दी।
आसपास के लोगों ने आननफानन में हेमा को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतका के पति रमेश सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी खटीमा ब्लॉक कार्यालय में हुई बैठक में गई थीं, जहां से लौटने के दौरान हादसा हो गया।
अस्पताल में प्राथमिक विद्यालय दमगड़ा के प्रधानाध्यापक जेबी लाल, देवर बलवंत सिंह बनकोटी समेत अनेक शोकाकुल परिजन व परिचितों का जमावड़ा लगा रहा। झनकईया थाने के एएसआई प्रताप सिंह मेहरा ने बताया कि कैंटर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।
इधर, हादसे की सूचना से दमगड़ा गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हेमा की बेटी दिव्या (20) बीटेक कर रही है जबकि पुत्री ज्योति बीए फाइनल में पढ़ रही है। 14 वर्षीय विवेक कक्षा नवीं का छात्र है। हेमा के पति वर्तमान में बेरोजगार हैं। बच्चों की परवरिश और पढ़ाई की जिम्मेदारी हेमा के कंधों पर ही थी।