बाजपुर। कैंसर से पीड़ित एक गरीब व्यक्ति आर्थिक तंगी के चलते इलाज नहीं करा पा रहा है। इलाज कराने को लेकर कैंसर पीड़ित व्यक्ति का परिवार पिछले सात महीने से इधर-उधर भटक रहा है। पीड़ित परिवार ने समाजसेवियों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।
कैंसर से ग्रस्त शुद्रप्रकाश रामपाल बाजपुर के मोहल्ला पहाड़ी कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। उसके दो पुत्र और एक पुत्री है। शुद्रप्रकाश के इलाज के लिए उसकी पत्नी आशा ने रिश्तेदारों सहित अन्य कई लोगों से सहयोग मांगा, लेकिन आर्थिक सहयोग नहीं मिलने के कारण पति का इलाज कराने के लिए सात महीने से भटक रही है।
उसके दो पुत्र मेहनत मजदूरी करके परिवार की गुजर बसर कर रहे हैं। वर्तमान में शुद्रप्रकाश का अमृतसर (पंजाब) से इलाज चल रहा है। आशा रामपाल ने बताया कि अमृतसर स्थित अस्पताल के डाक्टरों ने इलाज के लिए करीब 1 लाख 80 हजार रुपये खर्चा बताया है, लेकिन धन के अभाव में वह पति का इलाज नहीं करा पा रहीं हैं।
पीड़ित के इलाज के लिए समाजसेवियों से अनुरोध कि शुद्र प्रकाश की पत्नी आशा रामपाल के बैंक खाता संख्या 0092000000015012 और आईएफसी कोड नंबर एनटीबीएलओबीएजेड 009 धनराशि जमा कर सहयोग कर सकते हैं। समाजसेवी अमर उजाला के रुद्रपुर, काशीपुर और बाजपुर कार्यालय में चेक भी दे सकते हैं।