विधानसभा चुनाव के लिए हुए नामांकन पत्रों की जांच में सोमवार को जिले भर में पांच नामांकन जांच में निरस्त कर दिये गये। अब नौ सीटों पर कुल 90 प्रत्याशी मैदान में हैं।
नामांकन प्रक्रिया के तहत जिन प्रत्याशियों द्वारा नामांकन कराये गये थे सोमवार को उनकी गहन जांच का कार्य सभी विधानसभा के आरओ स्तर पर किया गया। बता दें विधानसभा जसपुर से 11, काशीपुर से 13, बाजपुर से 07, गदरपुर से 10, रुद्रपुर से 11, किच्छा से 9, सितारगंज से 14, नानकमत्ता से 8 और खटीमा से 12 प्रत्याशियों से नामांकन किये थे।
जनपद की नौ सीटों पर कुल 95 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रेश कुमार ने बताया सोमवार को जांच के बाद गदरपुर विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी सिमरन कौर, किच्छा से नबी हसन कादरी निर्दलीय, सितारंगज से शिवम विश्वास निर्दलीय, नानकमत्ता से सोनम सिंह निर्दलीय, खटीमा से सुकुमार विश्वास निर्दलीय का नामांकन संबंधित आरओ द्वारा जांच करने के बाद निरस्त कर दिया गया है। जनपद के 9 विधानसभा क्षेत्रों से अब 90 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। नाम वापसी की तिथि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 1 फरवरी को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की है, जिसमें कुछ और प्रत्याशी चुनाव मैदान से हटने की संभावना है।