रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उनका उपयोग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया है जो बाहरी जिलों और राज्यों के शस्त्र लाइसेंस की जांच करेंगी।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अभियान का उद्देश्य फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करना व शस्त्रों के दुरुपयोग पर रोक लगाना है। अब तक जिले में फर्जी शस्त्र लाइसेंस से जुड़े दो मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं जिनमें 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें काशीपुर कोतवाली पुलिस ने नौ और कुण्डा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। गठित टीमों में पहली टीम काशीपुर सेक्टर और दूसरी टीम रुद्रपुर सेक्टर में स्थानीय स्तर पर शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन करेगी जबकि तीसरी टीम बाहरी जिलों और अन्य राज्यों से बनवाए गए लाइसेंसों की जांच करेगी। पुलिस अधिकारियों और एसओजी कर्मियों को शामिल करते हुए इन टीमों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसएसपी ने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाने, रखने या उनका इस्तेमाल करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रत्येक संदिग्ध लाइसेंस की गहन जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर पुलिस की सतत निगरानी है और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।