काशीपुर। शासन स्तर से संविदा, आउटसोर्स आदि भर्तियां बंद करने से सरकारी अस्पताल में वार्ड ब्वॉय और आया के रिक्त पद भरने की अभी कोई उम्मीद नहीं है। नियुक्ति नहीं होने से कार्यरत कर्मियों पर काम का भार पड़ रहा है।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में वार्ड ब्वॉय के 14 पद स्वीकृत हैं। इनमें से सात पदों पर ही कर्मचारी तैनात हैं। इसमें भी 31 मई को एक कर्मी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वहीं स्वीकृत आठ में से मात्र दो पदों पर ही आया कार्यरत हैं। मुख्यालय सूचना भेजने के बाद भी सालों से रिक्त पदों पर कर्मियों की तैनाती नहीं की जा रही है। इस कारण कार्यरत कर्मियों पर बेड शीट बदलने-बिछाने, वार्ड कार्य, स्टोर से सामान लाना, ओटी, इमरजेंसी से वार्ड में मरीज भर्ती कराने आदि कार्यों का भार पड़ रहा है। साथ ही कर्मियों को छुट्टी लेने के लिए अतिरिक्त काम करना पड़ता है।
सीएमओ, डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि वार्ड ब्वॉय और आया की भर्ती के लिए टेंडर हो चुका था। शासन स्तर से आउटसोर्स, उपनल, संविदा सभी तरह की भर्ती बंद कर दी गई। शासन ने स्थायी नियुक्ति करने का आदेश भी जारी कर दिया है। भर्ती कब से शुरू होगी, इसकी जानकारी नहीं है।