शक्तिफार्म। नव वर्ष में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने क्षेत्रवासियों को एक और सौगात दी। 115.73 लाख रुपये की लागत से क्षेत्र के ग्राम देवनगर व बैकुंठपुर में दो सड़कें बनेंगी। इसके लिए शासन की ओर से वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
ग्रामसभा देवनगर में मुख्य मार्ग, सुमिरन मंडल के घर से फुटबाल मैदान तक एवं बैकुंठपुर में श्यामल राय के घर से कटना नहर की ओर मार्ग निर्माण के लिए ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री बहुगुणा के प्रयास से राज्य योजना के अंतर्गत 115.73 लाख रुपये लागत से दोनों मार्ग के निर्माण के लिए शासन द्वारा प्रशासकीय तथा वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने कहा कि क्षेत्र का विकास, उनके लिए सर्वोपरि है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया गया है। मुख्य मार्गों के साथ-साथ, ग्रामीण मार्गों को भी दुरुस्त करवाने का प्रयास किया जा रहा है। देवनगर एवं बैकुंठपुर मार्ग निर्माण होने से दोनों गांव के ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलेगी।