मुकदमे की तारीख पर रुद्रपुर आए दिल्ली के एक व्यापारी की होटल में रेलिंग से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मानसरोवर गार्डन दिल्ली निवासी 40 वर्षीय संजय शर्मा पुत्र स्व. बसंतलाल का रुद्रपुर कोर्ट में वाद चल रहा है। रविवार को संजय अपनी बहन सायरा शर्मा और अधिवक्ता ओमदत्त शर्मा के साथ रुद्रपुर पहुंचे और यहां काशीपुर बाइपास रोड स्थित कृष्णा होटल में रुके।
संजय शर्मा और ओमदत्त होटल के दूसरी मंजिल पर कमरा नंबर आठ में रुके थे, जबकि संजय की बहन को कमरा नंबर 203 मिला था। रात में मच्छरों के काटने पर ओमदत्त शर्मा ने क्वायल मंगाई। डिमांड पर जब होटल का वेटर क्वायल लेकर ओमदत्त के कमरे की ओर आने लगा तो उसने होटल के निचले तल की गैलरी में संजय को पड़े देखा।
वेटर की सूचना पर होटल का अन्य स्टाफ भी गैलरी में पहुंचा और इसी बीच संजय को कमरे में ना देख ओमदत्त और संजय की बहन भी वहां आ गई। सिर में चोट लगने के कारण संजय लहूलुहान हालत में गैलरी में पड़े थे। होटल स्टाफ ने उपचार के लिए संजय को जिला अस्पताल पहुंचाया, यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि जिस गैलरी में संजय गिरा था उसके दोमंजिले में रेलिंग लगी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि रात में संजय कमरे से बाहर आया और रेलिंग से नीचे गैलरी में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारणों का पता चलेगा। फिलहाल होटल के सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है।